Advertisement

अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम पर हमला, राजस्व अधिकारी और अमीन घायल

-अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम पर हमला, राजस्व अधिकारी और अमीन घायल

मुजफ्फरपुर। मुसहरी गांव में भूमि विवाद से जुड़े मामले में जमीन की नापी एवं अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। घटना में राजस्व अधिकारी करुण करण एवं अंचल अमीन रणजीत महतो घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार भूमि सुधार उप समाहर्ता पूर्वी के आदेश पर राजस्व अधिकारी एवं अंचल अमीन विवादित जमीन की नापी कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंचे थे। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया और सरकारी कर्मियों के साथ मारपीट एवं धक्का-मुक्की की। आरोप है कि अंचल अमीन रणजीत महतो को खदेड़कर पीटा गया, जबकि राजस्व अधिकारी करुण करण के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।

घटना के बाद दोनों घायलों का स्थानीय पीएचसी में इलाज एवं मरहम-पट्टी कराया गया। मामले को लेकर थाना में रामजुलम साह एवं उनके परिजनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और सरकारी कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आवेदन दिया गया है।

पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके घर पर छापेमारी की, लेकिन सभी आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

बताया गया है कि यह मामला विनोद साह और रामजुलम साह के बीच चल रहे भूमि विवाद से जुड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।