-हल्ला बोल कार्यक्रम में गूंजा न्याय का स्वर, जगतवीर राय हत्याकांड में कार्रवाई की मांग
मुजफ्फरपुर, 22 जून 2026। जगतवीर राय न्याय दो संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सोमवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन सह हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाल बाबू सहनी ने की। धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जगतवीर राय हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जगतवीर राय मामले में न्याय नहीं मिलने पर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा तथा जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर न्याय की मांग करेगा।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो चक्का जाम आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि जगतवीर राय हत्याकांड को दबाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन की शुरुआत हो चुकी है और जनता लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर प्रशासन को न्याय देने के लिए बाध्य करेगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे युवा नेता प्रभात किरण ने कहा कि जब तक जगतवीर राय को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे युवाओं और आम लोगों में भारी आक्रोश है।
धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक केदारनाथ प्रसाद, राजद नेता जयशंकर प्रसाद यादव, मो. इफ्तेखार आलम, माले नेता जितेंद्र यादव, कांग्रेस नेत्री जूही प्रीतम, पूर्व प्रमुख मंगल यादव, संयोजक सुनील कुमार राय, कलेश्वर यादव, रामबाबू सिंह, राम सज्जन राय, राजा यादव, कुणाल सिंह, दीनबंधु क्रांतिकारी, धीरज कुमार, हुक्मदेव यादव, शिवनाथ पासवान, अजय यादव, जय प्रकाश यादव, रामनरेश साह, राजेश्वर राय, छात्र नेता दीपक ठाकुर एवं आलोक कुमार समाजवादी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
धरना के अंत में संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।











