Advertisement

हरितालिका तीज पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ा सुहागिनों का सैलाब, शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा अखंड सौभाग्य

-हरितालिका तीज पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ा सुहागिनों का सैलाब, शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा अखंड सौभाग्य

मुजफ्फरपुर। हरितालिका तीज व्रत को लेकर सोमवार को मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला व्रती मंदिर पहुंचीं और भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।

हरितालिका तीज व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं के साथ नवविवाहित और कुंवारी कन्याओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचीं महिला व्रतियों ने अपने पुरोहितों के माध्यम से विधि-विधान से पूजन कराया। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पूरा परिसर शिव-पार्वती के जयकारों से गूंजता रहा।

धार्मिक मान्यता के अनुसार हरितालिका तीज का व्रत माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए किया था। इसी मान्यता के आधार पर महिलाएं पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-शांति के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं। कई महिलाएं निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करती हैं।

बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि हरितालिका तीज की परंपरा पौराणिक काल से चली आ रही है। धार्मिक मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए यह व्रत किया था। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए यह महत्वपूर्ण व्रत है और श्रद्धा के साथ व्रत करने से परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की जाती है।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी व्यवस्था की गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से बाबा गरीबनाथ धाम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।