Advertisement

सेनेटरी नैपकिन के प्रति जागरूकता एवं वितरण अभियान की शुरुआत

चंपारण की खबर:: –
महिलाओं व बच्चियों को गंभीर बीमारी से बचाना ब्रावो फाउंडेशन का उद्देश्य: राकेश

– ब्रावो फाउंडेशन ने की चौथे चरण की अभियान की शुरुआत

मोतिहारी / राजन द्विवेदी ।

ब्रावो फाउंडेशन ने ग्रामीण क्षेत्रों में सेनेटरी नैपकिन के प्रति जागरूकता फैलाने व वितरण अभियान की चौथे वर्ष में अपने चौथे चरण की शुरुआत कर दी है। फाउंडेशन ने अभियान अंतर्गत चौथे चरण में सेनेटरी नैपकिन के प्रति जागरूक करने के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं के बीच नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन बांटे। पिपराकोठी प्रखंड अंतर्गत सलेमपुर, सूर्यपुर व मधु छपरा पंचायत के अलावा मेहसी प्रखंड के उझीलपुर, परतापुर व कटहां पंचायत में सेनेटरी नैपकिन बांटा गया। फाउंडेशन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ब्रावो फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक सह ब्रावो फार्मा के सीएमडी राकेश पांडेय ने कहा कि महिलाओं व बच्चियों को गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा। माहवारी के समय महिलाओं की जागरूकता और सावधानियां ही उन्हें कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आज भी अधिकांश महिलाएं इसको लेकर जागरूक नहीं हैं। हमारा फर्ज बनता है कि हम महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सेनेटरी नैपकिन इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करें, जिससे वे बीमारी से बच सकें। फाउंडेशन की यह अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। बताते चले कि सेनेटरी नैपकिन फाउंडेशन में कार्यरत महिलाएं द्वारा ही तैयार किया जाता है। अभियान में फाउंडेशन की अंजनी तिवारी, लिप्सी कुमारी, पूजा कुमारी, नेहा कुमारी, चुनमुन कुमारी, बबिता सिंह, सोनी कुमारी, सोनी देवी, संजू देवी आदि सक्रिय हैं।