-सुजीत राम हत्याकांड: दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डीएम कार्यालय पर धरना, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
मुजफ्फरपुर। पानापुर करियात थाना क्षेत्र के श्यामपुर भोजा निवासी सुजीत राम हत्याकांड में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपराध पर अंकुश लगाने तथा लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अपराध विरोधी नागरिक मंच-कांटी के बैनर तले गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन की शुरुआत ऐतिहासिक खुदीराम बोस स्मारक स्थल से जुलूस के रूप में हुई। प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। धरना सभा की अध्यक्षता संगठन के सदस्य एवं शाहपुर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रेम कुमार राम ने की।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के नेता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक शशि भूषण चौधरी ने कहा कि कानून के राज में दिनदहाड़े सुजीत राम को फोन कर बुलाकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर देना पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पानापुर करियात थाना कांड संख्या 112/26 में एक माह बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की शिथिलता के कारण आरोपी अब भी मृतक के परिजनों और ग्रामीणों को फोन पर धमकी दे रहे हैं।
किसान नेता काशीनाथ सहनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो जिला मुख्यालय पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
ट्रेड यूनियन नेता नरेश राम ने आंदोलन का समर्थन करते हुए हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सभा को किसान नेता तारकेश्वर गिरी, महिला नेत्री इंदू देवी, लक्ष्मण सहनी, लाल बाबू राय, भोला दास, राजेश राम, अर्जुन राम, हरेंद्र राम, चुनचुन साह, बृजनंदन राम, फकीरा राम, रंजीत राम, राजा कुमार सहित दर्जनों लोगों ने संबोधित किया।
धरना के समापन पर पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सुजीत राम हत्याकांड के सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी एवं दृष्टांतात्मक सजा दिलाई जाए, साथ ही गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए।












