-सीतामढ़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन अपराधियों को लगी गोली
सीतामढ़ी। रीगा थाना क्षेत्र में बुधवार की अहले सुबह पुलिस और हथियारबंद बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रेवासी आम गाछी के समीप हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में एक-एक गोली लगी। घायल तीनों आरोपितों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रेवासी आम गाछी के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव निवासी सुनील कुशवाहा, बेलसंड निवासी मणि कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र के इंदल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुनील कुशवाहा दिनेश यादव हत्याकांड में नामजद आरोपित है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस तीनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग को लेकर आगे की जांच में जुटी है।












