-सीएचसी के निरीक्षण में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत कई कर्मी मिले अनुपस्थित
मुजफ्फरपुर।जिले के सरैया प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का सोमवार को बीडीओ गौरव कुमार ने प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्यों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्था, साफ-सफाई और कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार अनुपस्थित मिले। इसके अलावा चिकित्सक डॉ. तन्नू कुमारी, एएनएम जयंती कुमारी, सुप्रिया कुमारी और मधु कुमारी समेत कई कर्मी भी अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान दवा काउंटर के पास गंदगी पसरी मिली। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। इसके अलावा अस्पताल में कुछ आवश्यक सुविधाओं की कमी भी सामने आई। इस पर बीडीओ ने संबंधित कर्मियों और अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बीडीओ ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान 20 सूत्री अध्यक्ष हरेंद्र साह, उपाध्यक्ष प्रद्युम्न कुशवाहा, अबरार आलम, अशोक कुमार, रेशमी देवी, वीरेंद्र साह, विजयंत कुमार, गणेश सिंह समेत अन्य मौजूद थे।












