-सिलक्यारा सुरंग फंसे मजदूर पहुंचे बिहार, कहा- यहां रोजगार देती सरकार तो बाहर नहीं जाना पड़ता
सम्वाददाता। पटना।
उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल में 17 दिनों तक गुजारने वाले बिहार के पांच मजदूर शुक्रवार सुबह पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इन मजदूरों में मुजफ्फरपुर निवासी दीपक कुमार, छपरा निवासी सोनू कुमार, बांका निवासी बीरेंद्र कुमार, आरा निवासी सबाह और रोहतास के सुशील कुमार शामिल हैं। इनके स्वागत समारोह में बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर सभी मजदूरों के परिजन हवाई अड्डे पर उनके स्वागत में घंटों तक खड़े रहे। पटना पहुंचते ही मजदूरों को पुष्प गुछ देकर उनका स्वागत किया गया।
परिजनों ने बिहार में ही रोजगार देने की अपील की
इधर, पटना एयरपोर्ट पर इस दृश्य को देखने के लिए सैकड़ो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मजदूरों के साथ-साथ उनके परिवारो के चेहरे पर खुशी की लहर साफ-साफ दिख रही थी। मजदूरों ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सरकार अगर बिहार में ही हमें रोजगार मुहैया करा देती है तो हमें बाहर काम करने नहीं जाना पड़ता। मजदूरों के परिजन ने सरकार से बिहार में ही रोजगार देने की अपील की। परिजनों ने कहा कि अब इन्हें देखकर चैन की सांस ली है। अब कभी भी बाहर नहीं जानें देंगे। बिहार सुरक्षित पहुंचने पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की है।

मजदूरों के बेरोजगारी को दूर करना प्रयास कर रही सरकार:
श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम ने बिहार के सभी मजदूरों को सुरक्षित बिहार पहुंचने पर उनका स्वागत करते हुए कहा की यह बिहार के लिए खुशी की बात बताई है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार लगातार उन मजदूरों की स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार में ही मजदूरों के लिए रोजगार मुहैया करा रही है। अब इन मजदूरों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी । श्रम संसाधन मंत्री ने कहा कि सरकार बिहार के मजदूरों के बेरोजगारी को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
17 दिनों तक उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल में फंसे थे मजदूर:
बता दें कि 17 दिनों तक उत्तराखंड के सिलक्यारा टनल के अंदर फंसे मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकालने के बाद सरकार ने और अधिकारियों ने राहत की सांस ली थी। उन मजदूरों में पांच मजदूर बिहार के थे। केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसी और मजदूरों के अथक प्रयास के बाद टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। शुक्रवार को बिहार के सभी मजदूरों को सुरक्षित हवाई जहाज से पटना पहुंचाया गया। पटना से उन सभी मजदूरों को उनके घर तक सरकार पहुंचने का काम करेगी।












