-साहेबगंज में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत, दो घायल
मुजफ्फरपुर। जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित इन्द्रदेव चौक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। इन्द्रदेव चौक के पास अचानक दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।











