‘सबकी योजना-सबका विकास’ अभियान के तहत राजापाकर में कार्यशाला आयोजित
राजापाकर (वैशाली)। प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में ‘सबकी योजना-सबका विकास’ अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना), बीपीडीपी एवं डीपीडीपी योजनाओं की तैयारी को लेकर एकदिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ सभी पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, पंचायत सचिव, लेखपाल, आईटी सहायक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सिद्धू रंजन कुमार ने जीपीडीपी से संबंधित कार्य योजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “हमारी योजना, हमारा विकास” का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में समेकित विकास सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों की योजनाओं को पंचायत स्तर पर समाहित कर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति मिलेगी। कार्यशाला में पंचायत विकास योजनाओं की तैयारी, जनसहभागिता, विकास कार्यों की निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मौके पर कंप्यूटर ऑपरेटर अविनाश कुमार ने जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी कर्मियों को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने ग्राम पंचायत विकास योजना पर प्रकाश डालते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों एवं कर्मियों से योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एमओ अदिति कुमारी, सीडीपीओ मंजू रानी, मुखिया प्रतिनिधि धीरेंद्र मिश्रा, अमरेश सिंह, सरिता देवी, कुणाल कुमार, राजीव कुमार, उपेंद्र राय, दिलीप कुमार, सुमित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।












