Advertisement

संग्रामपुर में गश्ती दल पर रुपये मांगने का आरोप, चार पुलिसकर्मी निलंबित

-संग्रामपुर में गश्ती दल पर रुपये मांगने का आरोप, चार पुलिसकर्मी निलंबित

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक नागरिक को छोड़ने के नाम पर रुपये मांगने और घर में प्रवेश कर तलाशी लेने के आरोप में एसपी स्वर्ण प्रभात ने चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में पुलिस पदाधिकारी देव मोहन सिंह, सिपाही रवि रंजन कुमार, अभय कुमार और महिला सिपाही हेमा कुमारी शामिल हैं। मामला बीते 9 सितंबर की शाम का बताया जा रहा है।

अरेराज डीएसपी कुमारी प्रियंका की जांच में सामने आया कि गश्ती दल ने ओमप्रकाश कुमार के घर में प्रवेश कर तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों पर रुपये मांगने का आरोप लगा। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने संबंधित व्यक्ति को पहचानने से इनकार किया, जबकि स्थानीय लोगों ने घटना की पुष्टि की।

जांच में यह भी सामने आया कि गश्ती दल ने घर में प्रवेश कर तलाशी लेने और की गई कार्रवाई की जानकारी थाना प्रभारी अथवा किसी वरीय पुलिस अधिकारी को नहीं दी थी। डीएसपी की जांच रिपोर्ट में इसे घोर अनुशासनहीनता, संदिग्ध आचरण और स्वेच्छाचारिता माना गया।

रिपोर्ट के आधार पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले में विभागीय जांच भी की जा रही है। कार्रवाई के बाद गश्ती दल की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस महकमे की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी के दौरान नियमों की अनदेखी या अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।