Advertisement

संगमघाट पुल के पास ट्रक खलासी को गोली मारकर लूटपाट, चालक से भी ₹5 हजार छीने

-संगमघाट पुल के पास ट्रक खलासी को गोली मारकर लूटपाट, चालक से भी ₹5 हजार छीने

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के संगमघाट पुल के समीप मंगलवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट के दौरान बालू लदे ट्रक के खलासी को गोली मार दी। गोली दाहिने पैर में लगी। घायल की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के आमनाबाद निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। उसे फोरलेन किनारे स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बतायी जा रही है।
बताया गया कि संगमघाट पुल के पास दो बालू लदे ट्रक खड़े थे। छपरा निवासी चालक अनिल कुमार ट्रक के केबिन में सो रहा था, जबकि कमलेश नीचे उतरकर ट्रक के टायर की जांच कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिये। इसके बाद बदमाश उसके गले से सोने की चेन छीनने लगे।

विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से गोली चला दी।
गोली लगने से कमलेश घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने पास खड़े दूसरे ट्रक के चालक प्रदुमन कुमार को भी पिस्टल के बल पर धमकाया और उससे पांच हजार रुपये लूट लिये। वारदात के बाद सभी बदमाश फरार हो गये।
परिजनों के अनुसार कमलेश स्नातक का छात्र है और पढ़ाई का खर्च निकालने के साथ परिवार की आर्थिक मदद के लिए ट्रक पर खलासी का काम करता था। सूचना पर पहुंची अहियापुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान में जुटी है।