-शिनाख्त को लेकर मचा भ्रम, थाने की सीमा विवाद में घंटों पड़ा रहा शव
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।
पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या पांच के जरंगी टेनी बांध मन में बुधवार को जलकुंभी में औंधे मुंह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह शव पियर थाना क्षेत्र के सिमरा निवासी किसान राजेश महतो का है, जो 10 अक्टूबर से लापता थे। बताया गया कि राजेश महतो उस दिन साइकिल से गोभी का बीज लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी को लेकर पियर थाना में लिखित आवेदन भी दिया था।
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे जब लोगों ने जलकुंभी में शव देखा, तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पियर थाना के दारोगा कमलेश्वरनाथ मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच में पता चला कि शव जिस स्थान पर मिला, वह मुशहरी थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद क्षेत्राधिकार को लेकर दोनों थानों के बीच विवाद शुरू हो गया। लगभग चार घंटे तक शव जलकुंभी में पड़ा रहा, क्योंकि कोई भी पक्ष इसे निकालने को तैयार नहीं था।

अंततः पियर थानाध्यक्ष रजनीकांत और मुशहरी थाना पुलिस संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला। कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष रजनीकांत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राजेश कुमार(40) के रूप में हुई है। 13 को मामले से संदर्भित प्राथमिकी दर्ज हुई थी।वह सलहा बाजार गोभी का बीज खरीदने घर निकला था,जो फिर वापस नहीं लौटा।
इधर, शव की पहचान होने के बाद मृतक की पत्नी रिंकू देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो पुत्री और दो पुत्र हैं। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।












