-शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई — मुजफ्फरपुर में 1683.730 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
आगामी पर्व-त्योहारों और विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन, मद्यनिषेध विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाकर संदिग्ध ठिकानों और वाहनों की जांच तेज कर दी है।
इसी क्रम में अहियापुर थाना क्षेत्र के बखरी चंदन गांव स्थित एक निर्माणाधीन भवन से 192 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की कुल मात्रा 1683.730 लीटर बताई गई है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। जब्त की गई शराब की बाजार कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ “शून्य सहनशीलता नीति” अपनाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमावर्ती इलाकों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई जाए और शराब तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या आपराधिक कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सभी चेकपोस्टों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और पुलिस-प्रशासन की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से संदिग्ध वाहनों की जांच करें, त्वरित कार्रवाई करें और शराब तस्करी से जुड़े गिरोहों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए पुलिस-प्रशासन पूरी सख्ती से अभियान चला रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी चेकपोस्टों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्ती दल तैनात किए गए हैं, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों पर आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई दोनों की जाएगी।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध शराब कारोबार की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या मद्यनिषेध विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
#शराब_तस्करी_पर_सख्ती #मुजफ्फरपुर_पुलिस_एक्शन #अवैध_शराब_जप्त #चुनाव_सतर्कता #त्योहार_सुरक्षा #मद्यनिषेध_अभियान #LawAndOrder #BiharElection2025












