-वर्षों से बदहाल बांध पर शुरू हुआ विकास कार्य
सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री के प्रयास से मिली बड़ी सौगात
दीपक कुमार। गायघाट/मुजफ्फरपुर। प्रखंड की जांता पंचायत में किशोरी साह के घर से रामू सहनी के घर तक वर्षों से बदहाल पड़े बांध पर विकास कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। जिस स्थान पर अब तक सोलिंग का कार्य नहीं हुआ था और कई वर्षों से टूटे पड़े बांध पर मिट्टी तक नहीं डाली गई थी, वहां अब विकास कार्य शुरू हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से सड़क और बांध की जर्जर स्थिति के कारण आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। अब सोलिंग सहित अन्य विकास कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण पप्पू निषाद ने बताया कि क्षेत्र की समस्या को मुजफ्फरपुर सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी निषाद के समक्ष रखा गया था। उनके प्रयास से वर्षों से लंबित विकास कार्य अब धरातल पर उतर सका है। उन्होंने कहा कि सांसद की पहल से ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है।
स्थानीय लोगों ने विकास कार्य शुरू होने पर सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी निषाद के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित इस क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होना राहत की बात है। लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में सांसद द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।












