-राजापाकर में सेवा सेतु शिविर में 121 आवेदन प्राप्त, 80 आवेदनों को मिली स्वीकृति
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। तीन दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के दूसरे दिन बुधवार को ‘सेवा सेतु शिविर, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का जमीनी स्तर पर समाधान करना था।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। आम लोगों ने अपनी समस्याओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए संबंधित स्टॉल पर आवेदन जमा किए। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20, ग्रामीण विकास विभाग में 13, जीविका में 11, पंचायती राज विभाग में 8, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में 6, समाज कल्याण विभाग में 48, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में 9 तथा श्रम संसाधन विभाग में 6 आवेदन प्राप्त हुए। कुल 121 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 80 आवेदनों को स्वीकृत किया गया, जबकि 54 आवेदन लंबित हैं। लंबित आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर समाधान किया जाएगा।

शिविर में आवास विभाग की ओर से दो लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क आंखों की जांच कर चश्मे का वितरण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर के स्टॉल पर चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की और नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया।
शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। पात्र लाभुकों को आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया तथा मौके पर आवेदन भी लिए गए। पूर्व से लंबित मामलों और विभिन्न समस्याओं को चिन्हित कर उनके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की गई।
वहीं बाल विकास परियोजना के स्टॉल पर गोद भराई की रस्म भी पूरी की गई। इस दौरान नवविवाहिता की फलों से भरी टोकरी देकर गोद भराई की गई। मौके पर बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह, सीओ निशा यादव, बीपीआरओ सिद्धू रंजन कुमार, सीडीपीओ मीरा कुमारी, विकास मित्र राजू कुमार, दिलीप कुमार, सरिता कुमारी सहित प्रखंड एवं पंचायत कर्मी मौजूद रहे।












