Advertisement

राजापाकर में निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर, 205 पशुओं का हुआ इलाज

-राजापाकर में निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर, 205 पशुओं का हुआ इलाज

राजापाकर (वैशाली)।संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के बाकरपुर पंचायत स्थित पंचायत भवन परिसर में पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना के विशेषज्ञों एवं पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा निःशुल्क पशु स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक एवं किसान शामिल हुए।

शिविर के दौरान पशुपालकों को उनके पशुओं की विभिन्न बीमारियों की जांच कर मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया। कई किसानों ने अपने पशुओं को लाकर मौके पर ही उपचार कराया। कार्यक्रम में संस्थान की शोध पदाधिकारी डॉ. प्रीति मान्या, कनीय सहायक शोध पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार एवं डॉ. संजय कुमार सहित स्थानीय मुखिया श्रीमती नीलम भारती मौजूद रहीं।

इस अवसर पर डॉ. विवेक कुमार ने पशुओं में होने वाले थनैला रोग एवं बांझपन से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर में रक्त एवं मल के नमूने भी जांच हेतु संग्रहित किए गए, वहीं कई पशुओं का थनैला रोग की जांच मौके पर ही की गई।

पशुपालकों को गाय एवं भैंस के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हरे चारे के उपयोग की सलाह दी गई। साथ ही हर तीन महीने पर कृमिनाशक दवा देने एवं मिनरल मिक्सर पाउडर खिलाने की बात कही गई।

शिविर में करीब 70 किसानों के कुल 205 पशुओं का इलाज किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पशुपालक, किसान, स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।