Advertisement

राजापाकर में नए राशन कार्ड के लिए विशेष अभियान, पंचायत भवनों में युद्ध स्तर पर लिए जा रहे आवेदन

-राजापाकर में नए राशन कार्ड के लिए विशेष अभियान, पंचायत भवनों में युद्ध स्तर पर लिए जा रहे आवेदन

राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में राशन कार्ड से वंचित परिवारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन परिसरों में विशेष शिविर लगाकर नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से यह अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है ताकि पात्र परिवारों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जिन लोगों के पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है या जिनके परिवार के किसी सदस्य का नाम राशन कार्ड में छूट गया है, वे अपने-अपने पंचायत भवन में निर्धारित दस्तावेजों के साथ पहुंचकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर मौजूद कर्मी आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं, जिससे लोगों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।


इसी क्रम में शनिवार को जाफरपट्टी पंचायत के सामुदायिक भवन सह पंचायत कार्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया सत्येंद्र नारायण सिंह ने की। शिविर में नए राशन कार्ड बनाने के साथ-साथ पुराने राशन कार्ड में परिवार के छूटे हुए सदस्यों के नाम जोड़ने के लिए भी आवेदन स्वीकार किए गए।
शिविर में पंचायत सचिव संतोष कुमार, विकास मित्र रीना कुमारी, किसान सलाहकार धर्मेंद्र कुमार, आवास सहायक सुकेश कुमार, वार्ड सदस्य सोनू कुमार, मो. इंतेखाब आलम, संजय सिंह, सरोज सिंह, मिंटू पासवान, अशोक सिंह सहित पंचायत के कई जनप्रतिनिधि और दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि जिन पात्र परिवारों का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है, वे शीघ्र आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।