Advertisement

राजापाकर में तीसरे चरण का फार्मर रजिस्ट्रेशन तेज, पंचायत भवनों में युद्ध स्तर पर कैंप, किसानों से जल्द पंजीकरण की अपील

-राजापाकर में तीसरे चरण का फार्मर रजिस्ट्रेशन तेज, पंचायत भवनों में युद्ध स्तर पर कैंप, किसानों से जल्द पंजीकरण की अपील

राजापाकर | संजय श्रीवास्तव
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में तीसरे चरण का फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। पंचायत कर्मियों द्वारा पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन एवं सामुदायिक भवनों में विशेष कैंप लगाकर किसानों का पंजीकरण कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ मिल सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि जो किसान अब तक पंजीकरण से वंचित हैं, वे अपने-अपने पंचायत भवन में पहुंचकर अवश्य फार्मर रजिस्ट्रेशन करा लें। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन के अभाव में किसान सरकारी योजनाओं से वंचित रह सकते हैं, इसलिए समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लेना जरूरी है।
राजापाकर दक्षिणी पंचायत के जनता पुस्तकालय परिसर में भी रजिस्ट्रेशन कार्य जोर-शोर से चल रहा है, जहां बड़ी संख्या में किसान पहुंचकर अपना पंजीकरण करा रहे हैं।


इस दौरान कई किसानों ने बताया कि 4 फरवरी को वंशावली के आधार पर किसान आईडी बनाने के लिए पोर्टल खोला गया था, जिससे बाप-दादा की वंशावली के अनुसार बेटे के नाम से फार्मर आईडी बन रही थी। लेकिन अगले ही दिन पोर्टल बंद कर दिए जाने से किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि जिनके नाम पर जमीन दर्ज नहीं है, वे वंशावली के आधार पर ही पंजीकरण करवा सकते हैं, इसलिए राजस्व विभाग को पोर्टल दोबारा खोलना चाहिए।
किसान सीताराम सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, राजीव रंजन, तपसी सिंह और महेश प्रसाद सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से इस संबंध में जल्द निर्णय लेने की मांग की।
मौके पर बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, कृषि सलाहकार देवेंद्र सिंह, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, अमीन राजकुमार, विकास कुमार, ऑपरेटर मुकेश कुमार, सुनील कुमार, पर्यवेक्षक विकास कुमार समेत कई किसान उपस्थित रहे।