Advertisement

राजापाकर कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित, छात्राओं ने सुरक्षा व पढ़ाई से जुड़ी समस्या नहीं बताई

-राजापाकर कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित, छात्राओं ने सुरक्षा व पढ़ाई से जुड़ी समस्या नहीं बताई

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड की भलुई पंचायत स्थित संत कबीर रविंद्र दास ब्रह्मचारी महाविद्यालय परिसर में शिक्षा विभाग के निर्देश पर विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं से पढ़ाई, महाविद्यालय की व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली गई। छात्राओं से विशेष रूप से उनकी सुरक्षा को लेकर बातचीत की गई। इस दौरान किसी भी छात्रा ने पढ़ाई या सुरक्षा से संबंधित कोई परेशानी नहीं बताई। छात्राओं ने बताया कि महाविद्यालय में सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य राजकिशोर प्रसाद ने शिक्षा विभाग से आए पदाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन को कॉलेज की स्थिति से अवगत कराया। पुलिस की ओर से एसआई सुमित कुमार ने भी छात्र-छात्राओं से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली।


बताया गया कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की व्यवस्था की है। इसके माध्यम से शिक्षा संस्थान से संबंधित समस्या अथवा सुरक्षा से जुड़ी शिकायत ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है। शिकायत का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित कर आवेदक को लिखित सूचना देने का प्रावधान है। विद्यार्थी सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित किया जाता है। छात्र-छात्राएं अपनी समस्या के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
शिविर में शिक्षक इंद्रजीत कुमार, बासकित कुमार, संतोष कुमार, संजय कुमार, प्रमोद कुमार, रेखा कुमारी, उपेंद्र कुमार, मनोज कुमार, रविंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। वहीं सलोनी कुमारी, सुरुचि कुमारी, निशा कुमारी, पिंकी कुमारी, पायल कुमारी, प्रिंस कुमार, राहुल कुमार, जितेश कुमार, मोहम्मद शाहिद, शिवम कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।