Advertisement

राजापाकर के विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी आयोजित, समावेशी शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

-राजापाकर के विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी आयोजित, समावेशी शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के सभी राजकीय प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शनिवार को वर्ग समाप्ति के बाद अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मुख्य विषय “समावेशी शिक्षा : हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण” रहा, जिसमें बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय, राजापाकर परिसर में भी अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा उन्हें कभी भी खाली पेट स्कूल नहीं भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अभिभावकों को सलाह दी गई कि बच्चों को साफ-सुथरी स्कूल ड्रेस में प्रतिदिन विद्यालय भेजें और स्कूल से लौटने के बाद उनके टास्क बुक की नियमित जांच करें।


शिक्षकों ने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों को प्रतिदिन कुछ समय खेलने के साथ-साथ शाम में कम से कम दो घंटे पढ़ाई के लिए भी प्रेरित करें। साथ ही समय-समय पर विद्यालय आकर बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और प्रगति की जानकारी लेते रहें तथा पाठ्यक्रम के अनुसार उनकी पढ़ाई पर भी नजर रखें।
इस दौरान अभिभावकों ने भी शिक्षकों से कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई की प्रगति की नियमित जानकारी अभिभावकों को दी जाए तथा विद्यालय में खेलकूद की समुचित व्यवस्था हो, ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास समान रूप से हो सके।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी, राजेश कुमार, नीरू कुमारी, नेहा कुमारी, देवानंद दास, रिचा कुमारी, सोनम कुमारी, नेहा सिंह, हरिनंदन कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, अजय कुमार, शिव शंकर प्रसाद सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। गोष्ठी में अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।