Advertisement

युवा चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार राजद में शामिल, तेजस्वी यादव की कार्यशैली से बताए प्रभावित

-युवा चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार राजद में शामिल, तेजस्वी यादव की कार्यशैली से बताए प्रभावित

मुजफ्फरपुर। जिले के रोहुआ निवासी युवा चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए। पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल की मौजूदगी में विधायक सह राजद के प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्हें राजद की पट्टी, टोपी और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की जीवनी पुस्तक भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष तनवीर हसन, प्रदेश महासचिव बल्ली यादव, भाई अरुण, राजेश पाल, सतीश चंद्रवंशी, छात्र राजद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार, डॉ. मोहित कुमार समेत बड़ी संख्या में राजद नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मौके पर डॉ. रोहित कुमार ने कहा कि वे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की कार्यशैली और जनहित की राजनीति से प्रभावित होकर राजद में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लोगों की बेहतर सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल को चुना है।

उन्होंने विश्वास जताया कि राजद के माध्यम से समाज के गरीब, पिछड़े और जरूरतमंद लोगों की सेवा और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। वहीं, राजद नेताओं ने डॉ. रोहित कुमार के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि उनके जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और युवाओं के बीच पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।