Advertisement

मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर ‘नशा गिरोह’ का पर्दाफाश: मासूम बच्चे को ढाल बनाकर लूटने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

–मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर ‘नशा गिरोह’ का पर्दाफाश: मासूम बच्चे को ढाल बनाकर लूटने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निशाना बनाकर नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने वाले एक खतरनाक गिरोह का आखिरकार खुलासा हो गया है। जीआरपी पुलिस ने एक शातिर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो अपने मासूम बच्चे को सहारे के तौर पर इस्तेमाल कर भोले-भाले यात्रियों को जाल में फंसाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार और उसकी पत्नी संयोगिता कुमारी के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से इस सुनियोजित अपराध को अंजाम दे रहे थे। इनका तरीका बेहद चालाकी भरा था—पहले ये स्टेशन पर यात्रियों से हमदर्दी और दोस्ती का रिश्ता बनाते, फिर बातचीत के दौरान कोल्ड ड्रिंक ऑफर करते। उसी पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर यात्रियों को बेहोश कर देते और उनके गहने व सामान लेकर फरार हो जाते।
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा 21 मार्च को हुआ, जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। जीआरपी पुलिस ने उसे तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर महिला, जिसने अपना नाम सुगिया देवी बताया, ने पूरी घटना का खुलासा किया। उसने बताया कि एक पति-पत्नी अपने बच्चे के साथ उसे बहला-फुसलाकर नशीला पेय पिलाया और उसके गले से जितिया चेन लेकर फरार हो गए।


महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी दंपति अपने बच्चे के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर संदिग्ध गतिविधियों में नजर आए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से सोना तौलने वाला छोटा तराजू, एक टैब और लोहे का कटर बरामद किया गया, जिन्हें अपराध के औजार के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस गिरोह को चला रहे थे और कई यात्रियों को अपना शिकार बना चुके हैं।
रेल डीएसपी रोशन कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरोह बेहद संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इसके तार और कहां तक फैले हैं।
इस गिरोह की गिरफ्तारी से यात्रियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन पुलिस ने स्टेशन पर सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि ऐसे गिरोह लगातार नए शिकार की तलाश में रहते हैं।