-मुजफ्फरपुर में हत्या कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मुजफ्फरपुर। बिहार एसटीएफ एवं मुजफ्फरपुर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल हत्या कांड के फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी अंतर्गत बहादुरपुर वार्ड संख्या-16 निवासी बदलु साह उर्फ धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मीनापुर (पानापुर ओपी) थाना कांड संख्या-323/25, दिनांक 03 अगस्त 2025, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में वह लंबे समय से वांछित था। एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने उसे सदर थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि 3 अगस्त 2025 को आरोपी धर्मेंद्र उर्फ बबलू साह ने अपने सहयोगी फूलदेव सहनी के साथ मिलकर मठ के महंत कौशल किशोर दास की हत्या कर शव को बूढ़ी गंडक नदी में फेंक दिया था। मृतक महंत कौशल किशोर दास बहादुरपुर वार्ड संख्या-16 के निवासी थे। इस घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक रेडमी स्मार्टफोन, रियलमी ईयरबड, मोबाइल चार्जर, डाटा केबल तथा 2300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।












