-मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना पर कार्यशाला आयोजित
मुजफ्फरपुर।
जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र, मुजफ्फरपुर के प्रांगण में शनिवार को मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को दी गई।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्रा, प्रबंधक मनोज कुमार प्रधान तथा सहायक प्रबंधक योजना बैभव कुमार ने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के प्रावधानों और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत स्नातक (बीए, बीएससी और बीकॉम) उत्तीर्ण 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को लाभ दिया जाता है। रोजगार की तलाश के दौरान उन्हें आर्थिक सहायता के रूप में दो वर्षों तक प्रतिमाह 1000 रुपये स्वयं सहायता भत्ता प्रदान किया जाता है।

बैठक में उपस्थित सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि वे 31 मार्च 2026 तक अपने-अपने पंचायत से कम से कम 10 योग्य लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें सत्यापन के लिए जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र भेजना सुनिश्चित करें।
साथ ही प्रबंधक द्वारा मुजफ्फरपुर जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्यों से अनुरोध किया गया कि वे अपने कॉलेज के 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को इस योजना की जानकारी दें और अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
कार्यशाला में युवाओं के रोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।











