-मुजफ्फरपुर में मां पर ढाई साल के बेटे को जहर देकर मारने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। रामपुरहरि थाना क्षेत्र के टेंगराहां उत्तर टोला गांव में गुरुवार दोपहर एक ढाई वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बच्चे की मां पर बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के दादा की लिखित शिकायत पर आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित महिला की पहचान अखिलेश राम की 25 वर्षीय पत्नी आरती कुमारी के रूप में हुई है। बच्चे के दादा कैलाश राम के अनुसार, उनके पुत्र अखिलेश की शादी करीब सात वर्ष पहले सोढ़ना माधोपुर निवासी आरती से हुई थी। अखिलेश पंजाब में मजदूरी करता है। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया गया कि आरती करीब 15 दिन पहले मायके गई थी और बुधवार को ही ससुराल लौटी थी। गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने ढाई वर्षीय बेटे आर्यन को लेकर घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित गाछी में चली गई। आरोप है कि वहां उसने बिस्किट में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चे को खिला दिया।

कुछ देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। महिला के रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। घटना के समय बच्चे के दादा-दादी काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे।
रामपुरहरि थानाध्यक्ष अंजलि कुमारी ने बताया कि घटनास्थल से जहर की शीशी और बिस्किट का पैकेट बरामद किया गया है। सूचना मिलने के बाद एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। पोस्टमार्टम के दौरान जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












