Advertisement

मुजफ्फरपुर में अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

-मुजफ्फरपुर में अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर:मुजफ्फरपुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का खुलासा किया है। इस हाईटेक ठगी रैकेट में शामिल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनका नेटवर्क देश की सीमाओं को पार कर बांग्लादेश तक फैला हुआ पाया गया है।

इस पूरे ऑपरेशन को वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर अंजाम दिया गया। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की निगरानी में गठित विशेष टीम का नेतृत्व साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार कर रहे थे। वहीं, एसटीएफ की टीम भी लगातार इस अभियान में सक्रिय रही।

तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने अहियापुर थाना क्षेत्र से ऋषभ कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर यूपी के गाजीपुर से दीपक चौधरी, दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र से सुधांशु कुमार और मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र से साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह आम लोगों का निजी डेटा अवैध तरीके से चोरी करता था, जिसमें मोबाइल नंबर, बैंक डिटेल्स और अन्य संवेदनशील जानकारी शामिल होती थी। इसके बाद इस डेटा को विदेशी नेटवर्क के जरिए बेच दिया जाता था, जहां से बड़े पैमाने पर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक बैंक खाते को भी सीज किया है, जिसमें करीब 4 लाख रुपये जमा पाए गए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह गिरोह किन-किन देशों के साइबर अपराधियों से जुड़ा हुआ था और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि लगातार मिल रही साइबर ठगी की शिकायतों के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

इस खुलासे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि साइबर अपराध अब स्थानीय नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा बन चुका है, जहां एक क्लिक में आपकी निजी जानकारी सीमाओं के पार पहुंच सकती है।