Advertisement

मुजफ्फरपुर में 40 लाख की लूट, आभूषण कारोबारी से 5 मिनट में सोना-चांदी छीन फरार हुए बदमाश

-मुजफ्फरपुर में 40 लाख की लूट, आभूषण कारोबारी से 5 मिनट में सोना-चांदी छीन फरार हुए बदमाश

मुजफ्फरपुर।
जिले में मंगलवार देर रात एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। मीनापुर थाना क्षेत्र के पानापुर ओपी अंतर्गत ओवरब्रिज के नीचे बदमाशों ने एक आभूषण कारोबारी से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए।
पीड़ित की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है, जिनकी पानापुर बड़ा बाजार में आभूषण की दुकान है। जानकारी के अनुसार, वे रोज की तरह दुकान बंद कर मंगलवार रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के नीचे दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और महज पांच मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।


बताया गया है कि बदमाश कारोबारी के पास रखे झोले को छीनकर भाग निकले, जिसमें करीब 260 ग्राम सोना और लगभग 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण थे। बाजार मूल्य के अनुसार इनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद सभी अपराधी राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते मोतीपुर की ओर फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़ित ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने पानापुर ओपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी) वन अलय वत्स भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है और आशंका है कि अपराधी पहले से ही कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। हालांकि, मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
एसडीपीओ वन अलय वत्स ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कुछ संदिग्ध भी लग रहा है, इसलिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, वहीं पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।