-मुजफ्फरपुर: मखाना खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता महाअभियान आयोजित
-किसानों को दी गई उन्नत तकनीक की जानकारी
मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक तिवारी। बिहार सरकार के कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय द्वारा केंद्रीय क्षेत्र की मखाना विकास योजना के तहत गायघाट प्रखंड कृषि सभागार में एक दिवसीय जागरूकता महाअभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर मखाना खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला उद्यान पदाधिकारी आभा कुमारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया, जबकि संचालन प्रखंड उद्यान पदाधिकारी राजन कुमार झा ने किया।
जिला उद्यान पदाधिकारी आभा कुमारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्र के किसानों को मखाना की उन्नत खेती, उत्पादन तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने किसानों को बीज चयन, जल प्रबंधन, कीट नियंत्रण और बेहतर उत्पादन के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मखाना की खेती कम लागत में अधिक लाभ देने वाली फसल है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
किसानों को यह भी जानकारी दी गई कि सभी सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन अब बिहार कृषि ऐप के माध्यम से ही किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सरल बनेगी।
कार्यक्रम में किसान सलाहकार सुनील कुमार, ओमप्रकाश कंचन, सहायक तकनीकी प्रबंधक सुरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका समाधान किया गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।









