–मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान में खूनी झड़प, बर्चस्व की लड़ाई में आधा दर्जन घायल
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के बदनाम रेड लाइट एरिया चतुर्भुज स्थान में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आपसी बर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। ईंट-पत्थरों की बारिश, चीख-पुकार और भगदड़ के बीच करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
घटना नगर थाना क्षेत्र के पुरानी गुदरी छोटी मजार रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मैंगो और चतुर्भुज स्थान मैना गली के लक्की के बीच पहले से तनाव चल रहा था। रविवार शाम करीब 5:30 बजे हाफिज जी चौक पर लगे झूले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली विवाद ने अचानक हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्ला रोड की ओर से करीब 50 से अधिक युवक पुरानी गुदरी इलाके में घुस आए और दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आसपास के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

झड़प में घायल हुए लोगों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों से तीन आरोपियों—मयूर, मैंगो और लक्की—को हिरासत में लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा चतुर्भुज स्थान से शुक्ला रोड तक फ्लैग मार्च किया गया।
नगर थाना प्रभारी अनोज कुमार ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद केवल झूले को लेकर था या इसके पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है।











