Advertisement

मुजफ्फरपुर के अलग-अलग टोल प्लाजा पर अलग-अलग शुल्क, वाहन चालक कर रहे सवाल

-मुजफ्फरपुर के अलग-अलग टोल प्लाजा पर अलग-अलग शुल्क, वाहन चालक कर रहे सवाल

मुजफ्फरपुर। यदि आप मुजफ्फरपुर से विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करते हैं, तो अलग-अलग टोल प्लाजा पर वसूले जाने वाले शुल्क में बड़ा अंतर देखने को मिलेगा। कहीं टू-लेन सड़क पर कम टोल लिया जा रहा है तो कहीं उसी श्रेणी की सड़क पर अधिक शुल्क देना पड़ रहा है। वहीं फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सभी टोल प्लाजा की दरें समान नहीं हैं। एक ही श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग टोल दरें यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
मुजफ्फरपुर-दरभंगा मार्ग की तुलना में अन्य टू-लेन राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी टोल शुल्क अलग-अलग है। महंत मनियारी टोल प्लाजा पर कार या हल्के वाहन के लिए एक तरफ का टोल 55 रुपये तथा 24 घंटे के भीतर वापसी पर 80 रुपये निर्धारित है। दूसरी ओर, मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मार्ग स्थित रुन्नीसैदपुर टोल प्लाजा पर इसी श्रेणी के वाहन से एक तरफ के लिए 90 रुपये और 24 घंटे के भीतर वापसी पर 130 रुपये वसूले जाते हैं।


फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी टोल दरों में समानता नहीं है। मुजफ्फरपुर-दरभंगा मार्ग के मैठी टोल प्लाजा पर कार या हल्के वाहन के लिए एक तरफ का शुल्क 150 रुपये तथा वापसी पर 225 रुपये निर्धारित है। वहीं राजे टोल प्लाजा पर एक तरफ का टोल 150 रुपये है, जबकि 24 घंटे के भीतर वापसी के लिए 220 रुपये का शुल्क देना पड़ता है।
फोरलेन होने के बावजूद सबसे कम टोल सैदपुर पटेढ़ा टोल प्लाजा पर लिया जाता है। यहां कार या हल्के वाहन के लिए एक तरफ का शुल्क 115 रुपये और 24 घंटे के भीतर वापसी पर 175 रुपये निर्धारित है। अपेक्षाकृत कम शुल्क होने के कारण यह टोल प्लाजा वाहन चालकों को कुछ राहत देता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के अनुसार, टोल टैक्स की दरें स्थानीय स्तर पर तय नहीं की जाती हैं। इनका निर्धारण मुख्यालय स्तर पर सड़क की लंबाई, निर्माण लागत, परियोजना की प्रकृति और अन्य तकनीकी एवं वित्तीय मानकों के आधार पर किया जाता है। यही कारण है कि एक ही क्षेत्र के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल प्लाजा की दरों में अंतर देखने को मिलता है।