-मुख्यमंत्री ने किया बाराबर (वाणावर) क्षेत्र का निरीक्षण, श्रावणी मेले और पर्यटन विकास कार्यों को लेकर दिये आवश्यक निर्देश
पटना/जहानाबाद।दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक बाराबर (वाणावर) क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वाणावर श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
मुख्यमंत्री ने बाबा सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आए श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पीने के पानी, शौचालय, छाया और चिकित्सा जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
बाराबर गुफाओं के संरक्षण व विकास को लेकर गंभीर:
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बाराबर (वाणावर) गुफाओं की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये गुफाएँ भारतीय उपमहाद्वीप की सबसे प्राचीन चट्टानों को काटकर बनाई गई गुफाओं में से हैं और मौर्यकालीन स्थापत्य कला का अनमोल उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनका समुचित विकास न केवल क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित करेगा।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, वर्ष 2025 की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान बाराबर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु ₹50 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है। इस योजना के तहत बाराबर पहाड़ी पर सीढ़ियों का निर्माण, पर्यटक सुविधा केंद्र, लघु संग्रहालय का नवीनीकरण, गुफाओं की साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था जैसी कई कार्यों को शामिल किया गया है।
भारत की सांस्कृतिक धरोहर: बाराबर गुफाएँ:
बाराबर पहाड़ी में स्थित चार मुख्य गुफाएँ—कार्णचौपर, लोमस ऋषि, सुदामा और विश्वज्योति गुफाएँ—तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व की मौर्यकालीन निर्माण कला का बेजोड़ उदाहरण हैं। लोमस ऋषि गुफा की चैत्य शैली की वास्तुकला और गुफाओं की अंदरूनी चिकनी दीवारें आज भी पर्यटकों और इतिहासकारों को आकर्षित करती हैं।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरीय अधिकारी:
निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।








