-मुख्य सड़क पर नाला नहीं होने से 25 हजार आबादी परेशान
-ग्रामीणों ने BDO को सौंपा आवेदन
मुजफ्फरपुर। औराई प्रखंड की आलमपुर सीमरी पंचायत अंतर्गत ससौली गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर नाला निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क दो पंचायतों की करीब 25 हजार आबादी को आपस में जोड़ती है, लेकिन सालों से जलजमाव की समस्या के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर सड़क किनारे नाला निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का नेतृत्व स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि शहबाज आलम और समाजसेवी मो. हजारी ने किया।

ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क पर साल में कम से कम छह महीने तक पानी जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर लगातार जलजमाव बना रहता है। इससे पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को भी काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों के मुताबिक जलजमाव के कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाला निर्माण कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने के साथ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
मामले को लेकर BDO रजनीश शंकर झा ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है। जल्द ही स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा और जलजमाव की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए सार्थक प्रयास किया जाएगा।












