-मुंगेर की शिप्रा लाल ने अंग्रेजी में जीता स्वर्ण पदक, जिले का बढ़ाया मान
मुंगेर, 11 अगस्त 2026। मुंगेर विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित तृतीय दीक्षांत समारोह में मुंगेर शहर की शिप्रा लाल को स्नातकोत्तर अंग्रेजी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया। इस अवसर पर माता वैष्णोदेवी विश्वविद्यालय, जम्मू के पूर्व कुलपति पद्मश्री प्रो. रविन्द्र कुमार सिन्हा, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव घनश्याम राय और डीएसडब्लू महेश्वर मिश्र मौजूद रहे।
शिप्रा लाल ने सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज, मुंगेर से सीबीएसई की दसवीं कक्षा में 84.2 प्रतिशत और बारहवीं कक्षा में 79.8 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके बाद उन्होंने आर.डी. एंड डी.जे. कॉलेज, मुंगेर से अंग्रेजी प्रतिष्ठा में 74.9 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की। अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों का सिलसिला जारी रखते हुए उन्होंने मुंगेर विश्वविद्यालय के सत्र 2023-25 में स्नातकोत्तर अंग्रेजी विषय में सर्वोच्च अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

शिप्रा लाल की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और पूरे मुंगेर जिले में खुशी का माहौल है। अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने विद्यालय के साथ-साथ जिले का भी नाम रोशन किया है।
उल्लेखनीय है कि शिप्रा लाल मूल रूप से समस्तीपुर जिले के धर्मपुर गांव की निवासी हैं। वह सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर, जमालपुर के उपप्रधानाचार्य एवं विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार एवं झारखंड) के प्रचार विभाग के क्षेत्रीय सह-संयोजक संतोष कुमार और सीमा वर्मा की पुत्री हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज, मुंगेर में हुई, जहां उन्होंने पढ़ाई के दौरान लगातार बेहतर प्रदर्शन किया।
स्वर्ण पदक मिलने के बाद शिप्रा लाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया तथा उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करना चाहती हैं।
शिप्रा लाल ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि सफलता के लिए समय का सदुपयोग जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का सम्मान करना चाहिए। ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार, विनम्रता और सकारात्मक सोच भी जीवन में सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
शिप्रा लाल की उपलब्धि पर विद्यालय एवं विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












