Advertisement

मध्याह्न भोजन में कीड़ा मिलने पर बवाल, अभिभावकों ने स्कूल में किया हंगामा

-मध्याह्न भोजन में कीड़ा मिलने पर बवाल, अभिभावकों ने स्कूल में किया हंगामा

मुजफ्फरपुर। कांटी प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय साइन बृजलाल नया में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों को परोसे गए मध्याह्न भोजन में जहरीला कीड़ा मिलने का मामला सामने आया। भोजन में कीड़ा दिखने के बाद बच्चों ने खाने से इनकार कर दिया और इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी।

जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। अभिभावकों का आरोप था कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही बरती गई है। बताया जा रहा है कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन की आपूर्ति नव प्रयास एनजीओ द्वारा की गई थी।

ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मामले की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हुए। कांटी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद कुमार विभूति ने मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक की लिखित शिकायत के आधार पर नव प्रयास एनजीओ संचालक के खिलाफ कांटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।

बीडीओ सह बीईओ आनंद कुमार विभूति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मध्याह्न भोजन प्रभारी की लापरवाही भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस निरीक्षक सह कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों में भय और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।