-भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद सिंह का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर
-भाजपा नेता मनीष कुमार ने जताया दुख, कहा- पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति
मुजफ्फरपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुजफ्फरपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं बिहार प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद सिंह के निधन से भाजपा परिवार और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा नेता मनीष कुमार ने रवींद्र प्रसाद सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इसे भाजपा परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मनीष कुमार ने कहा कि रवींद्र प्रसाद सिंह कुशल संगठनकर्ता होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनका व्यक्तित्व मिलनसार था और वे बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे।

मनीष कुमार ने कहा कि रवींद्र प्रसाद सिंह का असमय निधन बेहद दुखद है। उनके जाने से पार्टी ने एक अनुभवी और समर्पित संगठनकर्ता को खो दिया है। संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को पार्टी तथा समाज के लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है।
भाजपा नेता मनीष कुमार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों और उनके शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।












