-बैरिया में तेज रफ्तार तेल टैंकर ने कंस्ट्रक्शन कर्मी को कुचला, मौत
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया में रविवार की शाम तेज रफ्तार तेल टैंकर की चपेट में आने से कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान क्षेत्र के लखनपुर निवासी अजीत ठाकुर के रूप में हुई है। वह फिलहाल शहबाजपुर में घर बनाकर रह रहे थे और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे।

बताया गया कि अजीत ठाकुर रविवार की शाम काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैरिया में सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार से आ रहे तेल टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अजीत ठाकुर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और तेल टैंकर की पहचान एवं चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।












