-बेनीबाद के मिश्रौली में बढ़ते जलस्तर का सीओ ने किया निरीक्षण, पंचायत समिति प्रतिनिधि ने कराई स्थिति से अवगत
मुजफ्फरपुर/गायघाट, दीपक कुमार। बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए गायघाट अंचल के अंचल अधिकारी (सीओ) पुष्प राज ने मंगलवार को बेनीबाद थाना क्षेत्र की केवटसा पंचायत के मिश्रौली गांव का निरीक्षण किया। पंचायत समिति प्रतिनिधि महेश्वर कुमार राय की सूचना पर पहुंचे सीओ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, तटबंधों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने स्थानीय प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की टीम के साथ तटबंधों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित रिसाव और कटाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा समय रहते मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

सीओ पुष्प राज ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जरूरत पड़ने पर गोताखोरों की तैनाती करने तथा राहत एवं बचाव दल को पूरी तरह सतर्क रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान पंचायत समिति प्रतिनिधि महेश्वर कुमार राय ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और संभावित खतरे से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में समय रहते आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से तटबंधों की लगातार निगरानी, राहत सामग्री की उपलब्धता और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।












