-बीज निदेशालय ढोली में छह जिलों के किसानों ने जानी आधुनिक बीज प्रसंस्करण तकनीक
मुजफ्फरपुर। बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान, पटना के सौजन्य से डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के प्रसार शिक्षा निदेशालय के तत्वावधान में बीज निदेशालय, ढोली में किसानों के लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पूर्वी चंपारण और बेगूसराय जिले से पहुंचे 24 किसानों तथा छह सहायक प्रौद्योगिकी प्रबंधक/प्रखंड प्रौद्योगिकी प्रबंधक समेत कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान किसानों को बीज प्रसंस्करण की विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। किसानों ने बीज प्रसंस्करण संयंत्र में बीज की सफाई, ग्रेडिंग, उपचार, पैकेजिंग और सुरक्षित भंडारण की प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। बीज निदेशक डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज के महत्व तथा बीज की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार, डॉ. विनय कुमार चौधरी, डॉ. हेम चन्द्र चौधरी एवं डॉ. सुमित कुमार सिंह ने भी किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, उन्नत बीज उत्पादन और बीज की गुणवत्ता बनाए रखने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
किसानों ने बीज प्रसंस्करण संयंत्र की कार्यप्रणाली में विशेष रुचि दिखाई और विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं को समझा। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक बीज प्रसंस्करण तकनीकों से परिचित कराने, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा। किसानों ने भ्रमण के दौरान मिली तकनीकी जानकारी को अपने क्षेत्रों में अपनाने और अन्य किसानों तक पहुंचाने की बात कही।












