Advertisement

बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, स्पेशल ट्रेनों का सफर हुआ तेज

-बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, स्पेशल ट्रेनों का सफर हुआ तेज

पटना/मुजफ्फरपुर। बिहार से दिल्ली जाने वाले लाखों रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए पूर्णिया कोर्ट और सहरसा से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की समय सारणी में बड़ा बदलाव किया है। रेलवे के इस फैसले से अब यात्रियों का सफर पहले से ज्यादा तेज और आरामदायक हो जाएगा।

रेलवे द्वारा जारी संशोधित टाइम टेबल के अनुसार पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन संख्या 05579 के यात्रा समय में करीब ढाई घंटे की कटौती की गई है। पहले यह ट्रेन पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार पहुंचने में लगभग 32 घंटे 30 मिनट लेती थी, लेकिन अब यह सफर केवल 30 घंटे में पूरा होगा। इससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसी तरह सहरसा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन संख्या 05575 के समय में भी बदलाव किया गया है। पहले यह ट्रेन अपने गंतव्य तक पहुंचने में करीब 29 घंटे लेती थी, जिसे अब घटाकर 28 घंटे कर दिया गया है। यानी सहरसा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सीधे तौर पर एक घंटे का फायदा मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नई समय सारणी 15 मई 2026 और 19 मई 2026 से लागू होगी। इसके तहत ट्रेनों के प्रस्थान और आगमन समय में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

नई व्यवस्था के अनुसार ट्रेन संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल अब प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को पूर्णिया कोर्ट से शाम 4:30 बजे की बजाय रात 7:00 बजे खुलेगी। यह ट्रेन बनमनखी, मुरलीगंज, दौरम मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, झंझारपुर, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन रात 1:05 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल अब पहले से काफी जल्दी पूर्णिया पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार यह ट्रेन अब दोपहर 1:45 बजे के बजाय सुबह 11:30 बजे ही पूर्णिया कोर्ट पहुंच जाएगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल अब प्रत्येक मंगलवार को सहरसा से रात 9 बजे की जगह शाम 8 बजे खुलेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल अब निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे पहले सहरसा पहुंचेगी।

रेलवे के इस फैसले को यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। खासकर उत्तर बिहार, सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोग, जो लंबे समय से तेज और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग कर रहे थे, उन्हें अब बड़ी राहत मिलने वाली है। यात्रियों का कहना है कि यात्रा समय कम होने से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि सफर भी अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बन जाएगा।