Advertisement

बिहार के बक्सर में बोले PM मोदी,चार जून को मनेर के लड्डू बंटेंगे

बिहार के शहजादे अब ‘जमानत-अमानत’ का काम देखेंगे : मोदी

-चार जून को मनेर के लड्डू बंटेंगे
-शहजादों का शटर गिरने वाला है
-कांग्रेस वाले छुट्टियों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं

दीपक कुमार तिवारी। पटना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के बक्सर में शनिवार को जनसभा को संबोधित किया. इसके पहले आज उन्होंने पाटलिपुत्र और काराकाट लोस क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया था.पीएम मोदी ने कहा कि छठे चरण के बाद इंडी गठबंधन के गुब्बारे की हवा निकल गई है. अब तक हुए चुनावों के बाद स्पष्ट हो गया है कि सारे शहजादों का शटर गिरने वाला है. बिहार के शहजादे अब आराम से जमानत-अमानत का काम देखेंगे. कांग्रेस के शहजादे ने भी छुट्टियों की तैयारी शुरू कर दी है. एक यूपी के शहजादे को तो शायद सदमा लग गया होगा. वे कल कह रहे थे कि बनारस में मोदी चुनाव हारने वाले हैं. इतना ही नहीं यह भी कह दिया कि यूपी की अस्सी की अस्सी सीटें इंडी गठबंधन जीत रहा है. यह सुनकर उनकी पार्टी के लोग ही हंस रहे थे. लगता है कि उन्हें कांग्रेस के साथ होने का असर हो गया है. मोदी ने कहा कि चार जून को मनेर के लड्डू बंटेंगे.
बक्सर की ये धऱती प्रभु श्री राम की गुरू भूमि है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच सौ साल बाद अयोध्या में राम मंदिर बना, आपको गर्व हुआ या नहीं, आप सबका सपना पूरा हुआ. लेकिन उनलोगों को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा. ये कौन लोग थे जो प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार कर रहे थे. यही कांग्रेस-राजद और इंडी गठबंधन वाले लोग थे. बक्सर की जनता से पूछता हूं, जिन लोगों ने यह किया ऐसे लोगों की सजा दोगे या नहीं, हर पोलिंग बूथ पर सफाया करोगे न ? यह चुनाव प्रधानमंत्री बनाने के लिए है. मजबूत और स्थिर सरकार चुनने के लिए है. आपने दस सालों तक मोदी को जांचा है परखा है. आपको सब पता है. लेकिन दूसरी ओर कौन है पीएम कैंडिडेट ? जनता को जानने का हक है. उधऱ आपस में ही सिर-फुटौव्वल है. कांग्रेस कहती है कि शहजादे ही इकलौते वारिश हैं प्रधानमंत्री के. लेकिन गठबंधन वाले कहते हैं कि पांच सालों में पांच प्रधानमंत्री , ऐसे चल सकता है क्या, भ्रष्टाचार इनके संस्कारों में बहुत गहरा बैठा है. ये लोग देश को नोटों की गड्डी के रूप में देखते हैं. ये देश चलाने जा रहे हैं या बैंक लूटने ?
मोदी ने कहा कि राजद ने बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिय़ा. कब किसके बच्चे का अपहरण हो जाय, कब राजद के गुंडे व्यापारियों से फिरौती की मांग कर दें. इस खौफ में कितने लोग बिहार छोड़कर पलायन कर गए. उद्योग धंधे बंद हो गए, रोजगार खत्म हो गए. आज वही लोग बेशर्मी से वोट मांग रहे. आने वाला पांच साल बिहार और देश के लिए निर्णायक होगा.