Advertisement

बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर प्रबंधन समिति की बैठक, नाव, चापाकल और बांध मरम्मत की उठी मांग

-बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर प्रबंधन समिति की बैठक, नाव, चापाकल और बांध मरम्मत की उठी मांग

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।आगामी बाढ़ को देखते हुए बंदरा प्रखंड में बाढ़ आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अंचलाधिकारी अंकुर राय ने किया। बैठक में बाढ़ से निपटने की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद अंचलाधिकारी अंकुर राय ने बताया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली राहत सामग्री के सुचारु वितरण के लिए जीआर (ग्रेच्युटस रिलीफ) सूची को अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए वार्ड सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि पात्र लाभुकों की सूची समय पर तैयार हो सके।


बैठक में बूढ़ी गंडक नदी के तटबंध की मरम्मत की मांग प्रमुखता से उठी। वहीं हत्था पंचायत में बाढ़ के दौरान आवागमन की सुविधा के लिए 7 से 8 सरकारी नाव उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई।
सदस्यों ने बताया कि क्षेत्र के कई पोखरों में जलस्तर कम होने के कारण पशुओं को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए जलसंचय की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा तेपरी, बड़गांव सहित अन्य पंचायतों में अतिरिक्त चापाकल लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में बाढ़ के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर समय रहते पहुंचाया जा सके।
अंचलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, जिससे आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।