-बाकरपुर में पंचायत सहयोग शिविर, नल-जल की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। प्रखंड क्षेत्र के बाकरपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा अमृत ओझा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, अंचलाधिकारी निशा यादव, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार और मुखिया प्रतिनिधि राजीव रंजन यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, आवास योजना, मनरेगा, श्रम सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के स्टॉल पर आवेदन जमा किए। बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 22 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष सात आवेदनों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को सौंप दिया गया है। इन आवेदनों का 30 दिनों के भीतर समाधान कर आवेदकों को इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।

शिविर में बाकरपुर पंचायत के वार्ड संख्या 10, 11 और 13 के दर्जनों ग्रामीणों ने पिछले दो वर्षों से नल-जल योजना का पानी नहीं मिलने की शिकायत की। वार्ड 11 की मानती देवी सहित ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से नल-जल की सुविधा बाधित है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर टावर लगे होने के बावजूद उसका निजी उपयोग किया जा रहा है। पीएचईडी की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी ने बताया कि समस्या संज्ञान में आई है। जहां-जहां नल-जल की समस्या है, उसे जल्द दूर कर लोगों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर के दौरान आवास योजना के आठ लाभुकों, राशन कार्ड के पांच, आयुष्मान कार्ड के सात और जॉब कार्ड के चार लाभुकों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। बाल विकास परियोजना के तहत आंगनबाड़ी सेविका ने गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म कराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने तथा आयरन, कैल्शियम और बी-कॉम्प्लेक्स का नियमित सेवन करने की सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर लोगों को विभिन्न दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं श्रम विभाग की ओर से लोगों को बाल श्रम कानून के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से होटल, चाय दुकान, किराना दुकान सहित अन्य प्रतिष्ठानों में काम कराना श्रम कानून के विरुद्ध है।
मौके पर बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, सीओ निशा यादव, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राजीव रंजन यादव, थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठक, जेई अनामिका कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, कृषि समन्वयक कुशेश्वर सिंह, बीसीएम रामराज कुमार, बीपीएम जीविका राजकुमार साह, सीडीपीओ मीरा कुमारी, विकास मित्र चंद्रकेश्वर कुमार, राजू कुमार, दिलीप कुमार, पंकज कुमार, संजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।













