Advertisement

बहनों का सम्मान ही सम्राट भैया की पहचान, सरकार ने महिलाओं के लिए खोला पिटारा

-बहनों का सम्मान ही सम्राट भैया की पहचान, सरकार ने महिलाओं के लिए खोला पिटारा

मुजफ्फरपुर। समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर की जीविका दीदियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। समाहरणालय परिसर स्थित सभा कक्ष में बड़ी संख्या में मौजूद जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना और महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए की गई घोषणाओं पर उत्साह जताया।
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को गौर से सुना। सरकार की ओर से महिलाओं के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं और आर्थिक सहायता की घोषणाओं से जीविका दीदियों में उत्साह देखा गया। महिला विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा का भी महिलाओं ने स्वागत किया और इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2030 तक जीविका दीदियों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान पर कुल 20 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहली और दूसरी किस्त की राशि भी लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।


अभियान के शुभारंभ के अवसर पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली कई योजनाओं और पहलों की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पांच लाख महिलाओं को राशि का अंतरण किया गया। वहीं जीविका निधि के माध्यम से 10 हजार महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा 112 ग्रामीण हाटों सहित अन्य योजनाओं और पहलों का भी शुभारंभ किया गया।
सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उनकी आय बढ़ाना तथा उन्हें परिवार के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था में मजबूत भागीदार बनाना है। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की भी उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में 50 से अधिक जीविका दीदियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में डीपीएम अनिशा, डीआरडीए निदेशक अभिजीत चौधरी, डीपीआरओ लोकेश कुमार, एडीएम धनंजय कुमार, एडीएम विभागीय जांच संजय कुमार, यशवंत कुमार एनडीसी, सुधीर कुमार सिन्हा ओएसडी, नूरी जमाल, शोभा साव, आनंद कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
महिलाओं ने सरकार की ओर से आर्थिक सहायता, रोजगार के अवसर और उच्च शिक्षा से जुड़ी घोषणाओं को महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान ‘बहनों का सम्मान ही सम्राट भैया की पहचान’ का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया।