-बलराम जयंती पर किसानों ने उठाईं खाद, भूमि और सिंचाई की समस्याएं
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। भारतीय किसान संघ की प्रखंड इकाई की ओर से भलुई पंचायत के डुमरी गांव स्थित सामुदायिक भवन परिसर में बलराम जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भगवान बलराम के तैलचित्र पर पुष्प-माला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बाजार में किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया और अन्य खाद बेचे जाने पर किसानों ने आक्रोश जताया। किसानों ने कहा कि सरकार की ओर से 50 किलो यूरिया की कीमत 266 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि कई खाद विक्रेताओं द्वारा किसानों से 350 से 400 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। किसानों ने निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

वहीं, भूमि से संबंधित किसानों की विभिन्न समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। इस मामले को लेकर किसान संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े सरकारी नलकूपों को शीघ्र चालू कराने की मांग भी उठी। किसानों ने कहा कि सरकारी नलकूप चालू होने से सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी और खेती के लिए वर्षा पर निर्भरता कम होगी।
मौके पर भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वजीत सिंह, उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष राम इकबाल सिंह, जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, जिला मंत्री समरेश सिंह, मुन्ना सिंह, नवल प्रसाद सिंह, विमल सिंह, उपेंद्र सिंह, उमाकांत सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।












