Advertisement

बन्दरा : प्रखण्ड मुख्यालय में कई महीने से बन्द है आधार केंद्र,परेशान जरूरतमंद रोजाना लगा रहे प्रखण्ड का चक्कर

-प्रखण्ड मुख्यालय में कई महीने से बन्द है आधार केंद्र,परेशान जरूरतमंद रोजाना लगा रहे प्रखण्ड का चक्कर

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक कुमार तिवारी।

प्रखंड मुख्यालय में पिछले कई महीने से आधार केंद्र बंद है। जिसके कारण से विभिन्न सुदूर इलाकों से प्रखंड मुख्यालय पहुंचे जरूरतमंद लोगों को प्रत्येक दिन लौट जाना पड़ रहा है। इससे लोग जहां परेशान हैं, वही जरूरतमंद लोगों से विभिन्न जगहों पर 300 से 500 रुपये आधार कार्ड बनवाने या तकनीकी त्रुटियों को सुधार करवाने के नाम पर अवैध वसूली जैसी शिकायत मिल रही है।वहीं कुछ लोगों की शिकायत है कि प्रखंड मुख्यालय में संचालित केंद्र के नाम पर दूसरे जगहों पर आधार का काम संचालित किए जा रहे हैं। जबकि धरातल पर प्रखंड मुख्यालय में कोई सेंटर संचालित है ही नहीं। बन्दरा के मनोज झा,चांदपुरा के शुभेष,सकरी के कृष्ण कुमार तिवारी,हत्था के मनोज राज,कमोद कुमार एवं अन्य ने बताया कि वे परिवार के छोटे बच्चों का आधार बनवाने को लेकर कई महीने से चक्कर लगा रहे हैं।इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को बताया कि प्रखंड मुख्यालय में पिछले कई महीने से आधार केंद्र बंद है। पूर्व से जो केंद्र संचालित है, उसके शहर के चतुर्भुज स्थान में चलाने से संबंधित जानकारी दी गई थी। उसके बाद से बन्दरा प्रखंड मुख्यालय का केंद्र लगातार बंद है।

उन्होंने बताया कि प्रखंड मुख्यालय आधार कार्ड के कारणों से आने वाले जरूरतमंद लोगों को लौट जाना पड़ रहा है। यदि प्रखंड मुख्यालय के नाम पर कहीं केंद्र संचालित हो रहा है, तो यह गलत है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों का बताना है कि ऑनलाइन अपडेट के मुताबिक आधार कार्ड इनरोल से संबंधित लास्ट अपडेट 3 अप्रैल दिखाई जा रही है। वही लास्ट 30 दिन में इनरोलमेंट संख्या 130 तथा टोटल अपडेट संख्या 227 बताई जा रही है।जबकि प्रखण्ड मुख्यालय में कई महीने से कोई केंद्र संचालित नहीं है। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाई के लिए वरीय अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड निशुल्क इनरौल और तकनीकी सुधार की प्रक्रिया की जानी है। यदि आधार कार्ड के नाम पर कहीं अवैध वसूली हो रहा है तो ऐसे केन्दों एवं संचालकों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।