-बखरी बराई पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर प्रखंड की बखरी बराई पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में बुधवार को पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया अरशद हुसैन ने की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए।
शिविर में आंगनबाड़ी, राजस्व विभाग, आपूर्ति विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, आरटीपीएस, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी शिकायतें एवं आवेदन भी लिए गए।

शिविर के दौरान कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए। मुखिया अरशद हुसैन ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बड़ी संख्या में पंचायतवासी शिविर तक नहीं पहुंच सके, जिससे अपेक्षाकृत कम आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, कनीय विद्युत अभियंता विक्रम कुमार, पंचायत सचिव संतोष कुमार, सीडीपीओ मीरा कुमारी, एलएस मीनू कुमारी, मोनू कुमार, विपिन कुमार, विकास मित्र सुनीता कुमारी, किसान सलाहकार धनेश्वर राय, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक भी किया।












