Advertisement

फादर्स डे पर समृद्धि फाउंडेशन ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां, बुजुर्गों संग मनाया विशेष दिन

-फादर्स डे पर समृद्धि फाउंडेशन ने वृद्धाश्रम में बांटी खुशियां, बुजुर्गों संग मनाया विशेष दिन

मुजफ्फरपुर, 21 जून। फादर्स डे के अवसर पर सामाजिक संस्था समृद्धि फाउंडेशन द्वारा वृद्धाश्रम में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान फाउंडेशन की टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मान, स्नेह और अपनत्व का एहसास कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत बुजुर्गों एवं संस्था के सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से केक काटकर की गई। इसके बाद बुजुर्गों के स्वास्थ्य और पसंद का विशेष ध्यान रखते हुए फाउंडेशन की संस्थापिका स्मृति सिंह अपने हाथों से तैयार इडली-सांभर लेकर पहुंचीं। स्वादिष्ट भोजन पाकर बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने संस्था के सदस्यों को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर संस्था की ओर से बुजुर्गों के बीच सुंदरकांड की पुस्तकें, ग्लूकोज, गमछा, धोती, आम, फ्रूटी, साबुन, तेल, कंघी, डेंटल किट, बिस्किट तथा शेविंग किट जैसी दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया।


संस्थापिका स्मृति सिंह ने कहा कि समृद्धि फाउंडेशन हमेशा समाज में खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि फादर्स डे पर वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य यह संदेश देना था कि यहां रह रहे बुजुर्ग भी किसी न किसी के पिता हैं और उन्हें सम्मान, प्रेम एवं अपनापन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बुजुर्ग स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे, यही संस्था की सोच है।
कार्यक्रम में प्रभात कुमार ठाकुर, पूजा, तुलसी, विशाल, भोलू सागर, राहुल, राहुल शर्मा, सुमित, नवजीत सिंह, अंचित कुमार श्रीवास्तव, लक्ष्मण गौतम, रुद्र, अभिषेक राज, सूरज ठाकुर, अनुराग मिश्रा, मुकेश कुमार पाठक, कुणाल कौशिक एवं गौतम कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त कर सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का संकल्प लिया।
फादर्स डे पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में बुजुर्गों के सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में समृद्धि फाउंडेशन का एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।