-प्राथमिक विद्यालय पारू बाबू टोला में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया हुनर
मुजफ्फरपुर/पारू। हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” थीम पर मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय पारू बाबू टोला, प्रखंड पारू में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में तिरंगा फहराया गया और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट बनाया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने तिरंगे के साथ सेल्फी ली और उसे हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर अपलोड किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर कक्षा चार एवं पांच के छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पांचवीं कक्षा की छात्रा कुमारी सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पांचवीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। तृतीय स्थान संयुक्त रूप से कविता कुमारी और शिवानी कुमारी ने हासिल किया।
प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को विद्यालय के शिक्षकों द्वारा मेडल पहनाकर एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधान शिक्षक राजीव रंजन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय शिक्षिका रेखा देवी, शिक्षक सितेश कुमार, शिक्षिका शिल्पा कुमारी, शिक्षक निरंजन कुमार एवं शिक्षक धीरज कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












