Advertisement

पुरानी पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए अभियान शुरू, लोगों से मांगी गई जानकारी

-पुरानी पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए अभियान शुरू, लोगों से मांगी गई जानकारी

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक कुमार तिवारी। ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत बिहार राज्य में प्राचीन धरोहरों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं, मठों, मंदिरों, मस्जिदों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों तथा आम नागरिकों के पास सुरक्षित 75 वर्ष पुराने कागज, भोजपत्र, ताड़पत्र, कपड़े आदि पर लिखित हस्तलिखित पांडुलिपियों की पहचान कर उनका डिजिटलीकरण किया जाएगा।


इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रखंड प्रशासन बन्दरा द्वारा आम लोगों से सहयोग की अपील की गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी आमना वसी ने जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था के पास 75 वर्ष या उससे अधिक पुरानी कोई भी पांडुलिपि सुरक्षित है, तो वे प्रखंड विकास पदाधिकारी बन्दरा के सरकारी मोबाइल नंबर 90310 71646 या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्य में सहयोग करने वाले संबंधित व्यक्तियों एवं गणमान्य लोगों को प्रखंड कार्यालय बन्दरा की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर इसकी सूचना सभी जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों तक पहुंचा दी गई है।
प्रखंड प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी साझा कर इस महत्वपूर्ण संरक्षण अभियान में भागीदारी निभाएं।